
रांची : रांची में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि फुटपाथ पर सोने वाले बेघर और जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान करें और उन्हें जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए शेल्टर होम में रखा जाए। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों में अलाव की समुचित व्यवस्था करने का भी आदेश दिया है। डीसी के निर्देश का पालन करते हुए सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने मंगलवार देर रात शहर के विभिन्न चौराहों पर फुटपाथ पर रहने वाले लोगों को शेल्टर हाउस पहुंचाया। जो लोग शेल्टर हाउस नहीं जाना चाहते थे, उनके लिए कंबल और अलाव की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके। इसके अलावा, एसडीओ ने अपर बाजार और खादगड़ा स्थित शेल्टर होम का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेल्टर होम के बाथरूम की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर अंचल अधिकारी को प्रमुख क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिला प्रशासन की यह पहल सराहनीय है, क्योंकि यह ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों को तत्काल राहत देने का प्रयास है।